प्रकृति को करीब से जाना पत्रकारों ने पत्रकार दल ने ग्रामीणों से रूबरू हो देखे विकास कार्य

पन्ना 14 जनवरी 18/जिला जनसम्पर्क कार्यालय पन्ना द्वारा जिला प्रशासन के सहयोग से पे्रसटूर का आयोजन किया गया। इस प्रेसटूर में जिला मुख्यालय के पत्रकारों द्वारा भाग लिया गया। पत्रकार दल प्रातः 6 बजे जिला मुख्यालय कलेक्ट्रेट परिसर से रवाना होकर मडला ग्राम पंचायत मुख्यालय पहुंचा। यहां पर पन्ना टाईगर रिजर्व द्वारा उपलब्ध कराए गए वाहनों के माध्यम से राष्ट्रीय उद्यान का भ्रमण किया। भ्रमण के दौरान साथ में चल रहे उद्यान के गाइडों द्वारा पत्रकारों को राष्ट्रीय उद्यान एवं उद्यान में देखे गए वन्य जीवों के बारे में जानकारी दी गयी। इस तरह पत्रकारों ने प्रकृति के बारे में करीब से जानकारी हासिल की। इस अवसर पर कलेक्टर श्री मनोज खत्री एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत डाॅ. गिरीश कुमार मिश्रा ने ग्राम पंचायत परिसर पहुंचकर पत्रकारों से चर्चा की।
   
    उद्यान में ही स्वल्पाहार लेने के उपरांत पत्रकार दल मडला ग्राम पंचायत आया। यहां पर उन्होंने विभिन्न विकास कार्यो का अवलोकन किया। यहां पर उन्होंने धरम बाई यादव का प्रधानमंत्री आवास देखा एवं धरम बाई से जानकारी हासिल की। धरम बाई द्वारा बताया गया कि आवास पूरी तरह बन कर तैयार हो गया है। शौचालय के लिए राशि स्वीकृत है एवं कार्य प्रगति पर है। 15 दिवस के अन्दर शौचालय का निर्माण हो जाएगा। उन्होंने बताया कि मुझे आवास निर्माण के लिए एक लाख 35 हजार रूपये की राशि प्राप्त हुई थी। शौचालय के लिए 12 हजार रूपये की राशि अलग से स्वीकृत की गयी है। इसी प्रकार प्रहलाद सिंह यादव के मुख्यमंत्री आवास का अवलोकन किया गया। इनका आवास भी बनकर तैयार हो चुका है। इन्हें भी आवास के लिए एक लाख 35 हजार रूपये एवं शौचालय निर्माण के लिए 12 हजार रूपये की राशि स्वीकृत की गयी है। ग्राम में बनाई गयी विभिन्न सीसी रोड का अवलोकन किया गया। सचिव द्वारा बताया गया कि यह सीसी रोड पंच-परमेश्वर योजना के तहत बनाई गयी है। इसके अलावा ग्राम पंचायत द्वारा ग्राम के जल निकासी के लिए कराए गए कार्य का अवलोकन किया गया। पत्रकारांे द्वारा आंगनवाडी केन्द्र का अवलोकन किया गया। आंगनवाडी कार्यकर्ता से चर्चा कर आंगनवाडी बच्चों एवं पोषण आहार की जानकारी ली गयी।

    ग्राम पंचायत भवन परिसर में ग्रामीण परिवेश में सभी ने एक साथ भोजन करने के उपरांत पंचायत के संबंध में चर्चा की। चर्चा के दौरान ग्राम पंचायत सचिव द्वारा ग्राम पंचायत के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गयी। उन्होंने बताया कि स्वच्छ भारत मिशन के अन्तर्गत 530 शौचालय स्वीकृत किए गए हैं। जिनमें 478 शौचालयों का निर्माण कार्य पूर्ण कर दिया गया है। इसी तरह प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 35 आवास स्वीकृत किए गए हैं। 24 का कार्य पूर्ण कर लिया गया है। इसके अलावा ग्राम में अन्य विकास कार्य कराए जा रहे हैं। भ्रमण के दौरान सहायक संचालक जिला जनसम्पर्क सुश्री नीलू सोनी, जनपद पंचायत पन्ना मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुश्री तपस्या जैन, कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी श्रीमती रामकन्या कछावा, राष्ट्रीय उद्यान के अधिकारी, कर्मचारी उपस्थित रहे।
समाचार क्रमांक 113-113








Comments

Popular posts from this blog

मुख्यमंत्री किसान विदेश अध्ययन यात्रा योजना आवेदन की अंतिम तिथि आज

पत्रकारों की त्रैमासिक बैठक आयोजित कलेक्टर ने सुनी पत्रकारों की समस्याएं, यथासंभव निराकरण का आश्वासन दिया अवैध उत्खनन की सूचना मिलते ही की जाएगी कार्यवाही-कलेक्टर

अध्यापकों का शिक्षा विभाग में संविलियन अपात्र पाए गए 543 अध्यापकों का संविलियन रोका गया, 24 तक दर्ज कराएं आपत्ति