निपाह वायरस-राज्य शासन द्वारा एडवाइजरी जारी जिले में संभावना कम, लेकिन सावधानी बरतने की अपील

पन्ना 26 मई 18/पिछले दिनों केरल में निपाह वायरस से हुई बीमारी और इसके कारण मृत्यु की घटनाओं को देखते हुए मध्यप्रदेश में लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग द्वारा एडवाइजरी जारी की गयी है। निपाह वायरस बीमारी की रोकथाम और उपचार के लिये भारत शासन की गाईड लाइन सभी मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारियों और सिविल सर्जनों को भेज दी गयी है।

    निपाह वायरस सामान्यतः बड़ी चमगादड़ और सुअर के माध्यम से मनुष्यों में फैलने वाला संक्रामक रोग है। निपाह के सामान्य लक्षणों में बुखार, सिरदर्द, शरीर दर्द, खाँसी, साँस लेने में तकलीफ, उल्टी, दस्त, बेहोशी, सुस्ती आना आदि शामिल हैं। प्रदेशवासियों को आगाह किया गया है कि केरल से आने वाले लोगों के इलाकों और बड़ी चमगादड़ की मौजूदगी वाले क्षेत्रों में निपाह के लक्षण पाये जाने पर तत्काल निकट के शासकीय अस्पताल में स्वास्थ्य परीक्षण करवायें।

    सामान्य रूप से यह बीमारी सीमित क्षेत्र में होती है। पन्ना जिले में इसकी संभावना कम है। कलेक्टर श्री मनोज खत्री ने जिलेवासियों से कहा है कि इस बीमारी से घबराने की आवश्यकता नही है। लेकिन उन्होंने बचाव के लिये आवश्यक सावधानियाँ बरतने की अपील की है। उन्होंने कहा है कि जिलेवासी ऐसे स्थानों पर जाने से बचें, जहाँ बड़ी चमगादड़ों की मौजूदगी है।
समाचार क्रमांक 306-1504

Comments

Popular posts from this blog

अप्रशिक्षित शिक्षकों के लिए डीएलएड दूरस्थ शिक्षा कार्यक्रम

ग्रामों में सहभागी सीख एवं क्रियान्वयन प्रक्रिया (पी.एल.ए.) की बैठकों का आयोजन

ग्राम मोहनपुरवा में सिलाई/कढ़ाई केन्द्र का शुभारंभ