कलेक्टर ने किया जिला चिकित्सालय का औचक निरीक्षण वार्ड एवं शौचालयों में समुचित साफ-सफाई न पाए जाने पर की नाराजगी व्यक्त प्रसव पूर्व की जांच नही करने पर एएनएम एवं आशा को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए


पन्ना 17 अप्रैल 18/कलेक्टर श्री मनोज खत्री मंगलवार की सुबह 8.30 बजे जिला अस्पताल पन्ना का औचक निरीक्षण करने पहुंचे। जहां उन्होंने मेटरनिटी वार्ड, सर्जिकल वार्ड, आपरेशन थियेटर सहित सभी वार्डो एवं अस्पताल परिसर का मुआयना किया। इस दौरान वार्डो एवं शौचालयों में सफाई व्यवस्था ठीक नही पाए जाने पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त की। इस संबंध में उन्होंने सिविल सर्जन श्री व्ही.एस. उपाध्याय को स्वयं पूरे चिकित्सालय का सुबह-शाम निरीक्षण करने एवं समुचित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

    निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने मेटरनिटी वार्ड में प्रसूति के लिए भर्ती महिलाओं से चर्चा की। उनके एमसीपी कार्ड का अवलोकन किया। जिसमें कार्ड पूर्ण रूप से भरे नही पाए गए। इसके अलावा जिला चिकित्सालय में भर्ती 6 प्रसूति महिलाओं में खून की कमी पायी गयी। इन महिलाओं की प्रसव पूर्व की तीनों जांचें एएनएम द्वारा करना नही पाया गया। जिस पर असंतोष व्यक्त करते हुए कलेक्टर ने संबंधित सभी एएनएम एवं आशा कार्यकर्ताओं को कारण बताओ सूचना पत्र जारी करने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने कहा कि प्रसव पूर्व की जांचे गर्भवती महिलाओं एवं नवजात शिशुओं दोनों के लिए बहुत ही महत्वपूर्ण हैं। एएनएम एवं आशा कार्यकर्ताओं द्वारा प्रसव पूर्व की सभी जांचे भलीभांति की जाएं तो प्रसूति महिलाओं को रक्ताल्पता से बचाया जा सकता है  तथा मातृ मृत्युदर एवं शिशु मृत्युदर में कमी लायी जा सकती है। साथ ही नवजात शिशुओं को कुपोषण से भी बचाया जा सकता है। उन्होंने सभी एएनएम एवं आशा कार्यकर्ताओं को यह जांचे अनिवार्य रूप से एवं गंभीरता के साथ करने के निर्देश दिए हैं।

    उन्होंने कहा कि भविष्य में भी मेरे द्वारा एवं अन्य प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा जिला चिकित्सालय का औचक निरीक्षण किया जाता रहेगा। निरीक्षणों के दौरान पायी गयी लापरवाहियों के लिए अस्पताल प्रशासन की जिम्मेदारी तय की जाएगी। उन्होंने निरीक्षण के दौरान पायी गयी कमियों के लिए जिम्मेदार मेडिकल एवं पैरामेडिकल स्टाॅफ के विरूद्ध सख्त कार्यवाही के निर्देश दिए हैं। साथ ही उन्होंने सिविल सर्जन को निर्देशित करते हुए कहा है कि खून की कमी वाली प्रसूति महिलाओं को ब्लड बैंक से निःशुल्क रक्त प्रदाय करने की व्यवस्था करें। निरीक्षण के दौरान मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डाॅ. एल.के. तिवारी, सिविल सर्जन डाॅ. व्ही.एस. उपाध्याय, मुख्य नगरपालिका अधिकारी पन्ना श्री अरूण पटैरिया, कार्यपालन यंत्री लोक निर्माण विभाग श्री ए.बी. साहू एवं जिला चिकित्सालय का स्टाॅफ मौजूद रहा।
समाचार क्रमांक 150-1068

Comments

Popular posts from this blog

ग्रामों में सहभागी सीख एवं क्रियान्वयन प्रक्रिया (पी.एल.ए.) की बैठकों का आयोजन

टी.बी. मुक्त अभियान के तहत सीबीनाॅट मशीन की स्थापना

भ्रमण के दौरान अनुपस्थित पाए गए स्वास्थ्य कर्मचारियों को नोटिस जारी बच्चे का गलत वजन पाए जाने पर एएनएम से मांगा स्पष्टीकरण