कृषक समृद्धि योजना के अन्तर्गत प्रोत्साहन राशि वितरण समारोह आयोजित जिले के लगभग 18 हजार किसान 17 करोड़ से अधिक की राशि से हुए लाभान्वित किसान भाईयों के लिए यह ऐतिहासिक दिन है-मंत्री सुश्री महदेले कृषि को लाभ का व्यवसाय बनाने त्रिस्तरीय खेती करें कृषक-मंत्री सुश्री महदेले

पन्ना 16 अप्रैल 18/मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना के अन्तर्गत पिछले वर्ष समर्थन मूल्य पर गेंहू एवं धान का विक्रय करने वाले कृषक भाईयों को प्रोत्साहन राशि वितरण का जिला स्तरीय समारोह पुराने कलेक्ट्रेट परिसर में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि सुश्री कुसुम सिंह महदेले मंत्री लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी रहीं। कार्यक्रम के माध्यम से पन्ना जिले के 18218 कृषकों को कुल 17 करोड़ 82 लाख रूपये की प्रोत्साहन राशि से लाभान्वित किया गया। कार्यक्रम में कृषि विज्ञान केन्द्र के वैज्ञानिकों द्वारा किसान भाईयों को समसमायिक तकनीकी सलाह भी दी गयी। शाखा प्रबंधक जिला केन्द्रीय सहकारी बैंक श्री अमित श्रीवास्तव द्वारा सहकारिता बैंक एवं मध्यप्रदेश शासन द्वारा कृषकों के हित में चलाई जा रही योजनाओं की जानकारी दी गयी। इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष श्री रविराज सिंह यादव, गुनौर विधायक श्री महेन्द्र सिंह बागरी, उपाध्यक्ष बुन्देलखण्ड विकास प्राधिकरण श्री महेन्द्र प्रताप सिंह यादव, कलेक्टर श्री मनोज खत्री, जिला योजना समिति के सदस्य श्री सतानन्द गौतम एवं श्री स्वामी प्रसाद मिश्रा, नगरपालिका अध्यक्ष श्री मोहनलाल कुशवाहा, कृषि उपज मण्डी पन्ना अध्यक्ष श्रीमती मीना पाण्डेय, जिला सहकारी प्रेस पन्ना अध्यक्ष श्री बृजेन्द्र गर्ग, जनपद पन्ना उपाध्यक्ष श्री अरविन्द यादव, श्री सुधीर अग्रवाल, उप संचालक कृषि श्री रविन्द्र मोदी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी, पत्रकाराबन्धु तथा बडी संख्या में किसान बहनें एवं किसान भाई उपस्थित रहे।

    कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि मंत्री सुश्री महदेले द्वारा माॅ सरस्वती एवं पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्जवलन कर किया गया। इस अवसर पर मंत्री सुश्री महदेले ने कहा कि किसान भाईयों के लिए यह ऐतिहासिक दिन है। जिले के 20 हजार से भी अधिक किसान भाईयों को पिछले वर्ष विक्रय की गयी उपज के लिए मुख्यमंत्री कृषि समृद्धि योजना के तहत अतिरिक्त राशि का लाभ मिलना हर्ष की विषय है। मुख्यमंत्री श्री चैहान द्वारा कृषि को लाभ का व्यवसाय बनाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। जिनमें से यह एक महत्वपूर्ण कदम है। इस योजना का लाभ देने वाला मध्यप्रदेश पहला राज्य है। उन्होंने कहा कि कृषि को लाभ का व्यवसाय बनाने के लिए शासन द्वारा चलाई जा रही योजनाओं का लाभ लेने हेतु किसान भाईयों को भी जागरूक बनना होगा। खेती की आधुनिक एवं तकनीकी पद्धतियों को सीखने एवं उनका अनुकरण करने में रूचि दिखानी होगी। तभी प्रदेश शासन का यह सपना पूरा हो सकता है। उन्होंने जिले के किसान भाईयों से परम्परागत खेती के साथ-साथ उद्यानिकी फसलों के उत्पादन एवं त्रिस्तरीय ख्ेाती की अपील की। उन्होंने पुरूषों के साथ-साथ महिलाओं एवं स्व-सहायता समूहों को भी कृषि कार्य में आगे आने का आव्हान किया। उन्होंने कहा कि इससे परिवार की आय में वृद्धि होगी और कृषकांे के जीवन स्तर में सुधार होगा।

    कार्यक्रम में कलेक्टर श्री मनोज खत्री ने सभी अतिथियों एवं किसान भाईयों का स्वागत करते हुए कहा कि मध्यप्रदेश शासन का सदैव यह प्रयास रहा है कि कृषि लाभ का व्यवसाय बने। किसानों की आय में वृद्धि हो। भारत वर्ष गांव में निवास करता है और किसान की समृद्धि से ही देश में समृद्धि लायी जा सकती है। इसी उद्देश्य से शासन द्वारा कृषक भाईयों के लिए विभिन्न योजनाएं चलाई जा रही हैं। आज इस कार्यक्रम के माध्यम से पिछले वर्ष गेंहू एवं धान का समर्थन मूल्य पर विक्रय करने वाले किसान भाईयों को 200 रूपये प्रति क्विंटल के हिसाब से अतिरिक्त प्रोत्साहन राशि प्रदान की जा रही है। साथ ही शासन ने यह पाया कि पिछले कुछ वर्षो में चना, मसूर एवं सरसों की लागत में वृद्धि होती जा रही है। इससे किसानों की लागत तो बढ रही है लेकिन मुनाफा कम होता जा रहा है। इसे देखते हुए जनप्रतिनिधियों से विचार विमर्श कर शासन द्वारा चना, मसूर एवं सरसों के लिए भी मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना के अन्तर्गत प्रोत्साहन राशि प्रदाय करने का निर्णय लिया गया है। इसी तरह इस वर्ष गेंहू का विक्रय करने पर 265 रूपये प्रति क्विंटल के मान से प्रोत्साहन राशि प्रदाय की जाएगी। इसमें उपार्जन केन्द्रों में ही विक्रय की बाध्यता भी नही है। उत्तम गुणवत्ता की फसलों के उत्पादन को बढावा देने और उससे किसानों को अधिकाधिक लाभ प्रदाय करने के उद्देश्य से कृषक समृद्धि योजना लाने वाला मध्यप्रदेश पहला राज्य है। उन्होंने लाभान्वित होने वाले सभी कृषकों को बधाई दी।

    कार्यक्रम में श्री सतानन्द गौतम ने कहा कि यह खुशी का अवसर है। मुख्यमंत्री जी के प्रयासों से यह लाभ किसान भाईयों को मिल पा रहा है। साथ ही उन्होंने किसान भाईयों को सलाह देते हुए कहा कि मौसम परिवर्तनशील है सबसे पहले खेतों में खडी फसल की कटाई कर उसे सुरक्षित कर लें। साथ ही उचित स्थान पर विक्रय कर उचित मूल्य प्राप्त करें। कार्यक्रम के अंत में उप संचालक कृषि श्री मोदी द्वारा सभी अतिथियों एवं किसान भाईयों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पिछले वर्ष अपनी फसल का विक्रय करने वाले जिले के कुल 20 हजार 227 कृषकों को 19 करोड़ 96 लाख 22 हजार 280 रूपये की राशि का लाभ इस योजना के अन्तर्गत दिया जाना है जिसमें से आज 18 हजार 218 कृषकों के खातों में 17 करोड़ 82 लाख रूपये की राशि जमा कर दी गयी है। शेष कृषकों के खातों में तकनीकी त्रुटि के कारण ट्रांजेक्शन फेल होने से राशि का हस्तांतरण नही किया जा सका है। इन खातों का सत्यापन कर आगामी 2 से 3 दिनों के अन्दर शेष राशि भी किसान भाईयों के खातों में जमा कर दी जाएगी। खातों के सत्यापन एवं किसान भाईयों के समस्याओं के निराकरण के लिए उप संचालक कृषि कार्यालय में कन्ट्रोल रूम की स्थापना की गयी है। जिसका सम्पर्क नम्बर 07732-252060 है। जिन भी किसान भाईयों के खाते में राशि नही पहुंची है वे इस नम्बर पर सम्पर्क कर सकते हैं। कार्यक्रम में मंच का संचालन जिला परियोजना अधिकारी श्री संजय सिंह द्वारा किया गया।
समाचार क्रमांक 141-1059
     

Comments

Popular posts from this blog

मुख्यमंत्री किसान विदेश अध्ययन यात्रा योजना आवेदन की अंतिम तिथि आज

पत्रकारों की त्रैमासिक बैठक आयोजित कलेक्टर ने सुनी पत्रकारों की समस्याएं, यथासंभव निराकरण का आश्वासन दिया अवैध उत्खनन की सूचना मिलते ही की जाएगी कार्यवाही-कलेक्टर

अध्यापकों का शिक्षा विभाग में संविलियन अपात्र पाए गए 543 अध्यापकों का संविलियन रोका गया, 24 तक दर्ज कराएं आपत्ति