मंत्री सुश्री महदेले ने किया वन स्टाॅप सेंटर (सखी) का शुभारंभ नारी को अबला नही सबला बनने की जरूरत-मंत्री सुश्री महदेले अत्याचारों को रोकने, संकोच त्याग कर आत्मबल के साथ आगे आए नारी शक्ति-मंत्री सुश्री महदेले

 पन्ना 12 जून 18/राज्य शासन द्वारा महिलाओं के विरूद्ध हो रही अनेक तरह की हिंसा से महिलाओं के संरक्षण के लिए प्रारंभ की गयी ऊषा किरण योजना के अन्तर्गत पन्ना जिले में वन स्टाॅप सेंटर (सखी) खोला गया है। जिसका शुभारंभ सुश्री कुसुम सिंह महदेले मंत्री लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग द्वारा रिवन काटकर किया गया। यह केन्द्र जिला मुख्यालय पर बादशाह सांई मस्जिद के सामने खोला गया है। इस सखी केन्द्र में पीडित महिलाओं को अस्थाई आश्रय, कानूनी सहायता, चिकित्सा सहायता, पुलिस सहायता आदि का प्रावधान किया गया है। साथ ही उन्हें प्रशिक्षण प्रदान करने एवं उनका पुनर्वास करने का कार्य भी सखी के माध्यम से किया जाएगा।

    कार्यक्रम का शुभारंभ मंत्री सुश्री महदेले द्वारा माॅं सरस्वती के चित्र के समक्ष माल्यार्पण एवं दीप प्रज्जवलन कर किया गया। इस अवसर पर उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि जिले में सखी केन्द्र के खुलने से यहां की महिलाओं एवं बेटियों को संरक्षण प्रदान करना सुलभ होगा। विभिन्न तरह की हिंसा से पीडित महिलाओं को कई बार घर में भी आश्रय नही मिल पाता है। संकोचवश एवं जानकारी के अभाव में वे चुपचाप अत्याचारों को सहती रहती हैं। इन महिलाओं के लिए शासन द्वारा एक ही छत के नीचे सभी तरह की सुविधाएं उपलब्ध कराई गयी हैं। यह केन्द्र न केवल उन्हें आश्रय प्रदान करेगा बल्कि अत्याचारों से लडने के लिए आवश्यक कानूनी सलाह भी उपलब्ध कराएगा। थाने जाकर प्राथमिकी दर्ज न करा सकने वाली महिलाओं की प्राथमिकी भी केन्द्र के माध्यम से दर्ज कराई जा सकेगी। उन्होंने कहा कि नारी शक्ति घबराए नही बल्कि संकोच त्याग कर आत्मबल के साथ अपने उपर हो रहे अत्याचारों को रोकने के लिए आगे आए। नारी को अबला नही सबला होने की जरूरत है। जब तक हम अराजक तत्वों को जबाव नही देंगे वे हमारे संकोच और सहृदयता का फायदा उठाते रहेंगे। उन्होंने महिलाओं को मानसिक रूप से सशक्त बनने तथा हर विषम परिस्थिति में भी खुद का साथ न छोडने की अपील की। साथ ही उन्होंने केन्द्र के विधिवत संचालन के लिए शुभकामनाएं दी।

    इस अवसर पर नगरपालिका अध्यक्ष श्री मोहनलाल कुशवाहा ने कहा कि शासन द्वारा चलाई जा रही यह योजना समाज में जागरण का कार्य कर रही है। महिलाओं को सुरक्षा प्रदान करने तथा उनके मान सम्मान की रक्षा करने में यह केन्द्र महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। जिले की महिलाएं इस केन्द्र एवं इसके द्वारा दी जा रही सेवाओं की जानकारी अधिक से अधिक महिलाओं तक पहुंचाए। कार्यक्रम में जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री माधवेन्द्र सिंह ने कहा कि इस तरह की योजनाओं की आवश्यकता हमारे समाज को पहले से थी। मुख्यमंत्रीजी की संवेदनशीलता एवं मंत्री सुश्री महदेले जी के प्रयासों से यह केन्द्र पन्ना जिले में स्थापित हो सका है। इसके लिए उन्होंने शासन को धन्यवाद ज्ञापित किया। साथ ही जिले की बहनों से शासन की इस महत्वाकांक्षी योजना का धरातल स्तर तक क्रियान्वयन करने में अपनी भूमिका निभाने की अपील की।

    कार्यक्रम में जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास श्री भरत सिंह राजपूत द्वारा वन स्टाॅप सेंटर के उद्देश्य, संरचना, दी जाने वाली सेवाओं एवं प्रशासकीय रूप रेखा के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गयी। कार्यक्रम में बाल कल्याण समिति की अध्यक्ष एवं डाॅ. मीना नामदेव द्वारा भी सखी केन्द्र के उद्देश्य एवं चिकित्सकीय पहलुओं पर प्रकाश डाला गया। कार्यक्रम में मंच संचालन समाज सेवी श्री आशीष बोस द्वारा किया गया। इस अवसर पर जिला महिला सशक्तिकरण अधिकारी ज्योति पाण्डेय, सहायक संचालक एकीकृत बाल विकास सेवा विकाश गुप्ता, सखी केन्द्र की वर्तमान प्रशासक श्रीमती मंजू जैन, बाल विकास परियोजना अधिकारी पन्ना शहरी श्रीमती किरण खरे सहित सखी केन्द्र के कर्मचारी तथा बडी संख्या में नारी शक्ति मौजूद रही।
समाचार क्रमांक 168-1726

Comments

Popular posts from this blog

मुख्यमंत्री किसान विदेश अध्ययन यात्रा योजना आवेदन की अंतिम तिथि आज

पत्रकारों की त्रैमासिक बैठक आयोजित कलेक्टर ने सुनी पत्रकारों की समस्याएं, यथासंभव निराकरण का आश्वासन दिया अवैध उत्खनन की सूचना मिलते ही की जाएगी कार्यवाही-कलेक्टर

अध्यापकों का शिक्षा विभाग में संविलियन अपात्र पाए गए 543 अध्यापकों का संविलियन रोका गया, 24 तक दर्ज कराएं आपत्ति