शालाओं में मध्यान्ह भोजन का संचालन प्रातः 10 बजे से करने के निर्देश
पन्ना 27 अप्रैल 18/मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत डाॅ. गिरीश कुमार मिश्रा ने बताया है कि राज्य समन्वयक मध्यान्ह भोजन कार्यक्रम परिषद भोपाल ने लेख किया है कि वित्तीय वर्ष 2018-19 में पन्ना जिले की समस्त तहसीलों को सूखाग्रस्त घोषित किया गया है। इन तहसीलों के समस्त प्राथमिक एवं माध्यमिक शालाओं में मध्यान्ह भोजन का संचालन प्रातः 10 बजे से किया जाना है।
उन्होंने समस्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत तथा समस्त विकासखण्ड स्त्रोत समन्वयक जनपद शिक्षा केन्द्र को बिन्दुवार कार्यवाही कराने के निर्देश दिए हैं। जिसमें प्रत्येक शाला में मध्यान्ह भोजन के सुचारू संचालन हेतु एक शिक्षक की ड्यूटी आवश्यक रूप से लगाई जाए तथा मध्यान्ह भोजन शाला में ही बनाया जाए। मध्यान्ह भोजन प्रातः 10 बजे अनिवार्य रूप से बच्चों को प्रदाय किया जाए। पूर्व व्यवस्था अनुसार प्रतिदिन भोजन का सेम्पल ड्यूटी शिक्षक की अभिरक्षा में 24 घण्टे हेतु सुरक्षित रखा जाए। ग्रीष्मकालीन अवकाश में मध्यान्ह भोजन का संचालन सुचारू रूप से होगा इस संबंध में समुचित प्रचार-प्रसार किया जाए। विद्यालय में भोजन पकाने वाले कर्मचारी/ स्व-सहायता समूह द्वारा भोजन प्रदाय के पूर्व भोजन की गुणवत्ता शिक्षक व माताओं द्वारा चखने के उपरांत ही विद्यार्थियों को वितरित किया जाए। मध्यान्ह भोजन निर्धारित मीनू एवं मात्रा अनुसार गुणवत्तापूर्ण प्रदाय किया जाए। मध्यान्ह भोजन प्रदाय की सतत व प्रभावी निगरानी की जाए। इन हेतु निरीक्षण प्रक्रिया के तहत निरीक्षण कर प्रतिवेदन दिया जाए तथा एक प्रति परिषद को भी प्रेषित करें। मध्यान्ह भोजन की रिपोर्ट संलग्न प्रपत्र में साप्ताहिक दी जाए। सभी निर्देशों का पालन कड़ज्ञई से करें।
समाचार क्रमांक 258-1176
Comments
Post a Comment