जनसुनवाई में जिला सीईओ ने सुनी 165 आवेदकों की समस्याएं

पन्ना 11 सितंबर 18/शासन के निर्देशानुसार आमजन की अधिकारियों तक सीधे पहुंच बनाने एवं समस्याओं के त्वरित निराकरण के उद्देश्य से सप्ताह के प्रत्येक मंगलवार को विकासखण्ड स्तर तक के कार्यालयों में जनसुनवाई का आयोजन किया जाता है। यह जनसुनवाई प्रातः 11 बजे से दोपहर एक बजे के मध्य आयोजित की जाती है। इसी क्रम में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी डाॅ. गिरीश कुमार मिश्रा द्वारा 11 सितंबर 2018 को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित जिला स्तरीय जनसुनवाई में 165 आवेदकों की समस्याएं सुनी गयी।

    जनसुनवाई में जिले के विभिन्न अचंलों के ग्रामीण भी अपनी समस्याएं लेकर कलेक्ट्रेट पहुंचे। आमजनता द्वारा उपचार सहायता राशि, परिवार सहायता राशि, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, सीमांकन, नामांतरण, भूअर्जन, संबल योजना अन्तर्गत पंजीयन कराने, राहत राशि, पात्रता पर्ची आदि से संबंधित आवेदन पत्र प्रस्तुत किए गए। विभिन्न आवेदनों का मौके पर भी निराकरण किया गया। शेष में संबंधित अधिकारियों को शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए गए हैं। जनसुनवाई में प्राप्त आवेदनों को कलेक्टर श्री खत्री के निर्देशन में आॅनलाईन सीएम हेल्पलाईन पोर्टल पर भी दर्ज किया जा रहा है। प्रत्येक सप्ताह समय-सीमा बैठक में इन प्रकरणों के निराकरण की समीक्षा की जाती है।

    इस दौरान जनसुनवाई में जिला आपूर्ति अधिकारी श्री बी.एस. परिहार, कार्यपालन यंत्री विद्युत मंडल श्री ओ.पी. सोनी, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत पन्ना सुश्री तपस्या जैन, परियोजना अधिकारी जिला पंचायत श्री संजय सिंह, सहायक परियोजना अधिकारी श्री एस.के. मिश्रा, सहित अन्य सभी कार्यालय प्रमुखों ने भी आवेदनों पर सुनवाई की।

    जनसुनवाई के लिए जिलेभर से आए आवेदकों को इस दौरान नवीन ईव्हीएम एवं वीवीपैट मशीन की जानकारी भी मास्टर ट्रेनर्स द्वारा दी गयी। उन्होंने लोगों से स्वयं वोटिंग भी कराई। मतदान की प्रक्रिया एवं मशीन की कार्यप्रणाली से अवगत कराते हुए उन्होंने बताया कि बेलेट यूनिट पर मनचाहे प्रत्याशी के नाम के आगे बटन दबाने पर वीवीपैट मशीन की खिडकी से 7 सेकेंड के लिए पर्ची दिखेगी। जिसमें वोट डाले गए प्रत्याशी का नाम, क्रम संख्या एवं चुनाव चिन्ह की पुष्टि अवश्य करें।
समाचार क्रमांक 146-2835


Comments

Popular posts from this blog

ग्रामों में सहभागी सीख एवं क्रियान्वयन प्रक्रिया (पी.एल.ए.) की बैठकों का आयोजन

टी.बी. मुक्त अभियान के तहत सीबीनाॅट मशीन की स्थापना

भ्रमण के दौरान अनुपस्थित पाए गए स्वास्थ्य कर्मचारियों को नोटिस जारी बच्चे का गलत वजन पाए जाने पर एएनएम से मांगा स्पष्टीकरण