तेन्दूपत्ता शाखकर्तन कार्यशाला सम्पन्न

पन्ना 14 मार्च 18/वन मण्डलाधिकारी उत्तर श्री एन.एस. यादव ने बताया है कि वर्ष 2018 तेन्दूपत्ता संग्रहण हेतु जिला वनोपज सहकारी यूनियन मर्यादित उत्तर वनमण्डल पन्ना के सभी 18 तेन्दूपत्ता लाॅट अग्रिम निविदा में उच्च दरों पर निर्वर्तित हुए है। सभी लाॅटों के लिए क्रेताओं की नियुक्ति की जा चुकी है। तेन्दूपत्ता संग्रहण के पूर्व शाखकर्तन का कार्य कराए जाने के लिए प्रबंध संचालक जिला यूनियन उत्तर वनमण्डल पन्ना द्वारा 13 मार्च को ईको सेंटर स्मृति वन पन्ना में वनमंडल के समस्त मैदानी कर्मचारियों एवं प्राथमिक वनोपज सहकारी समितियों के समिति प्रबंधकों तथा वर्ष 2018 हेतु नियुक्त सभी तेन्दूपत्ता क्रेताओं की कार्यशाला आयोजित की गयी। कार्यशाला की अध्यक्षता जिला यूनियन उत्तर वनमण्डल पन्ना अध्यक्ष कमलेश वंशकार द्वारा की गयी। कार्यशाला में वनमंडल अन्तर्गत आने वाली सभी 21 प्राथमिक वनोपज सहकारी समितियों के प्रबंधक, नोडल अधिकारी, समस्त वन परिक्षेत्राधिकारी के साथ क्रेता प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे। कार्यशाला में उपस्थित सभी अधिकारी, कर्मचारी क्रेतागणों को संघ भोपाल के निर्देशों से अवगत कराया गया।

    कार्यशाला में वन मण्डलाधिकारी उत्तर श्री यादव ने बताया कि इस वर्ष उत्तर वन मण्डल पन्ना के अन्तर्गत 40500 मानक बोरा तेन्दूपत्ता संग्रहण का लक्ष्य निर्धारित किया गया। उन्होंने अच्छी गुणवत्ता का शाखकर्तन कार्य कराने के लिए कर्मचारियों को निर्देश दिए। कार्यशाला में उपस्थित सभी अधिकारी, कर्मचारी तथा समिति प्रतिनिधियों एवं क्रेताओं से विचार विमर्श उपरांत यह निर्णय लिया गया कि मौसम अनुकूल रहने की स्थिति में शाखकर्तन का कार्य 17 मार्च से 27 मार्च के मध्य क्रेता प्रतिनिधियों के समक्ष एवं उनके सुझाव को ध्यान में रखते हुए कराया जाए।
समाचार क्रमांक 118-704

Comments

Popular posts from this blog

ग्रामों में सहभागी सीख एवं क्रियान्वयन प्रक्रिया (पी.एल.ए.) की बैठकों का आयोजन

मंत्री सुश्री महदेले ने दी उपचार सहायता

छत्रसाल महाविद्यालय में मतदाता शपथ कार्यक्रम आयोजित